अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल, एक की हालत गंभीर



– डॉक्टर ने जिला अस्पताल किया रेफर

फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के मंगरे शाह गांव के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो को घर भेज दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सरौली गांव निवासी रोशन लाल का 21 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार, हरि का 20 वर्षीय पुत्र गोलू और शुमेर का 18 वर्षीय पुत्र राज तीनों एक ही बाइक से किसी काम से निकले थे। जब उनकी बाइक हथगाम थाना क्षेत्र के मंगरे शाह गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को हथगाम सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोलू और राज को प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने की सलाह दी, जबकि मोहित कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने मोहित कुमार को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।