फतेहपुर। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य एडवोकेट शिवाकांत तिवारी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब-तब उसने जनता को लाइन में खड़ा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है और जनता इससे त्रस्त होकर सत्ता परिवर्तन चाहती है।
गुरुवार को ललौली चौराहा के पास पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और आपूर्ति की समस्या को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें त्योहारों पर गैस सिलेंडर मुफ्त देने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक किसी को मुफ्त गैस सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, डीएपी और यूरिया खाद की किल्लत से लेकर अब गैस सिलेंडर तक—हर मुद्दे पर जनता को लाइन में खड़ा होना पड़ा है। होली बीत चुकी है और आगे नवरात्र व ईद जैसे त्योहार आने वाले हैं, लेकिन लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों में सर्वर सही से नहीं चल पा रहे, जिसके कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं कई जगह गैस सिलेंडर ब्लैक में ऊंचे दामों पर बिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिलेंडर न मिलने से लोग दोबारा चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने बेरोजगार युवाओं को चाय-पकौड़ा बेचने की सलाह दी थी और नाले की गैस से खाना बनाने की बात भी कही थी, जो जनता के साथ मजाक है। इस दौरान कांग्रेस नेता उदित अवस्थी, पप्पू, मोहम्मद इरफान, लाल मोहम्मद, प्रशांत शुक्ला और अमर सिंह गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
