पटेल सेवा संस्थान ने राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन



– सांसद नरेश उत्तम पटेल के आवास पर हमले के विरोध में कार्रवाई की हुई मांग

फतेहपुर। पटेल सेवा संस्थान के जिलाध्यक्ष केपी सिंह एडवोकेट एवं मंत्री धर्मेंद्र उत्तम (शिक्षक) के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में 17 अप्रैल 2026 को हुई एक घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित सांसद एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के कानपुर नगर स्थित दामोदर नगर आवास पर उनकी अनुपस्थिति में कुछ कथित भाजपा कार्यकर्ताओं ने धावा बोला। उस समय घर पर उनकी धर्मपत्नी मौजूद थीं।
आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए मकान में लगे महापुरुषों के होर्डिंग व बैनर फाड़ दिए। साथ ही, सांसद आवास पर लगी पत्थर की नेम प्लेट पर जूते-चप्पलों से प्रहार कर अभद्र नारेबाजी की और धमकी भरा व्यवहार किया। इस घटना को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताया गया है।
पटेल सेवा संस्थान ने अपने ज्ञापन में ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और समाज में शांति एवं सद्भाव बना रहे। इस दौरान जगनायक संचार, सुनील उमराव, अभिषेक उत्तम, देव प्रकाश सिंह राव, सिद्धार्थ शंकर पटेल, रामनरेश पटेल, डॉ. रामकेश सचान, पुनीत उत्तम, जय सिंह पटेल, राजू कुर्मी, दीपांशु पटेल, प्रमोद पटेल, अरविंद पटेल सहित कई लोग मौजूद रहे।