खागा/फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरकतपुर के पास दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। मामले में पीड़ित वकील ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खागा कचहरी में विधि व्यवसाय कर रहे वकील सुनील कुमार पटेल ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह अपने गांव से कचहरी जा रहे थे। रास्ते में बरकतपुर गांव के पास भादर निवासी दो युवकों ने उन्हें हाथ देकर रोका। पहचान होने के कारण उन्होंने बाइक रोक दी। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, दोनों युवकों ने गाड़ी की चाबी निकाल ली और बाइक ले जाने की बात कहने लगे। विरोध करने पर छीना-झपटी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने तमंचा निकालकर उन्हें धमकाया और उनकी बुलेट बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित वकील ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
