– कांग्रेस की अहम बैठक में बूथ स्तर तक निगरानी बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने के निर्देश
– महेश द्विवेदी का आरोप — भाजपा एस आई आर के जरिए मतदाता सूची में हेरफेर कर लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है
– आरिफ गुड्डा का बयान — एक महीने में एस आई आर पूरा करने की समयसीमा भाजपा की मानसिकता को उजागर करती है
फतेहपुर। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने रविवार को शांति नगर स्थित सईद बिल्डिंग में एक अहम बैठक आयोजित कर चुनाव आयोग द्वारा द्वारा चलाए जा रहे एस आई आर (स्पेशल समरी रिवीजन) कार्यक्रम पर गंभीर चर्चा की। बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहते हुए कांग्रेस संगठन को मज़बूत करने और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा का एकमात्र उद्देश्य किसी भी रूप में वोट चोरी करना है, और एस आई आर उसी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय चुनाव निकट हैं, ऐसे समय में उत्तर प्रदेश में एस आई आर कराना पूर्णतः अनुचित है, जबकि केरल जैसे राज्यों में इसे स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने भाजपा पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से बीएलओ से सीधे संवाद कर मतदाता सूची की सत्यता की जांच करने का आह्वान किया।
वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सिर्फ एक महीने में एस आई आर पूर्ण करने की समयसीमा देना भाजपा की मानसिकता का पर्दाफाश करता है। उन्होंने कहा कि पाँच दिन बीत जाने के बाद भी अनेक वार्डों में बीएलओ मतदाताओं से नहीं मिले हैं, जिससे आशंका है कि बिहार की तर्ज़ पर दफ्तरों में बैठकर ही कागज़ी कार्रवाई पूरी कर दी जाएगी और असली मतदाता अपने वोट से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि हर बूथ पर जाकर मतदाता सूची की सटीकता की निगरानी करें, ताकि लोकतंत्र की जड़ें मज़बूत रहें।
बैठक में मणि प्रकाश दुबे, हेमलता पटेल, शेख एजाज़ अहमद, कलीम उल्ला सिद्दीकी, ई. देवी प्रकाश दुबे, सईद चच्चा, राजीव लोचन निषाद, आशीष गौड़, सैयद सहाब अली, आदित्य श्रीवास्तव, ओम प्रकाश कोरी, बसीर अहमद, अब्दुल हफीज, राकेश शास्त्री, शबनम शेख, शकीला बानो, कौशल कुमार, अजय बच्चा, अभय शुक्ला, रमजान अहमद, सलीम खान, डॉ. अब्दुल हमीद, विजय प्रताप सिंह, हिमाचल तिवारी, सुदेश पांडेय, राम प्रकाश तिवारी, नसीम अंसारी, आरिफ खान, सलीम शेख, राम शंकर शुक्ल, अकरम काले, असलम हम्माद हुसैन, महफूज अहमद सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
