सिराथू पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले— 2027 में 325 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा



कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार की दोपहर लगभग सवा तीन बजे सिराथू के सयारा स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 325 सीटें जीतकर इतिहास रचा था और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 325 से अधिक सीटों के साथ पुनः सरकार बनाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एसआईआर अभियान को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाएं, जिससे अधिक से अधिक लोग अभियान से जुड़ सकें। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा हमेशा परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, प्रदेश में व्यापक स्तर पर विकास कार्य हुए हैं और गरीबों, किसानों, महिलाओं तथा युवाओं के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। यही कारण है कि जनता का भरोसा लगातार भाजपा पर बढ़ रहा है।
सिराथू आगमन पर उपमुख्यमंत्री का भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, पूर्व विधायक लाल बहादुर, संजय गुप्ता, पप्पू पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, दीपा श्रीवास्तव, चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद उर्फ भोला यादव, हीरालाल, उमेश चंद्र शर्मा, मनीष सम्राट, गौतम भट्ट, राकेश मौर्य, सोमेश्वर तिवारी सहित जिले के कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।