फतेहपुर। जिला उद्योग व्यापार मंडल (पंजी०) के प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे ने बुधवार को मीडिया से वार्ता करते हुए स्पष्ट किया कि संस्था अपने सभी रक्तदान शिविर पूर्व घोषित तिथियों एवं स्थानों पर ही आयोजित करेगी। उन्होंने बताया कि दिनांक 19 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन पर मिले आश्वासन के अनुरूप ही शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी सरकारी संस्था को सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के स्थान पर शिविर आयोजित करना है, तो वह अपने कार्यक्रम का समय अलग निर्धारित कर सकती है। इस विषय में व्यापार मंडल को न पहले कोई आपत्ति थी और न अब है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापार मंडल के युवा जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह द्वारा लगातार समन्वय बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन संबंधित सरकारी संस्था के कुछ सदस्यों द्वारा बार-बार समन्वय में बाधा उत्पन्न की गई। जबकि शिविरों की तिथि और समय की जानकारी रक्तकेंद्र के कर्मचारियों को पहले से उपलब्ध रहती है, जिसे समय रहते अन्य संस्थाओं को बताना चाहिए। श्री दुबे ने कहा कि युवा जिलाध्यक्ष का किसी भी संस्था से न तो तिथि और न ही स्थान को लेकर कोई विवाद रहा है, केवल समय को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न की गई। बताते चलें कि मामला उस समय गंभीर हुआ जब रक्तकेंद्र के एक कर्मचारी द्वारा सरकारी संस्था के शिविर को निरस्त कर उसे अन्य संस्था से जोड़ने का प्रयास किया गया। इस पर पहले विभागाध्यक्ष से बातचीत की गई और समाधान न होने पर जिलाधिकारी के समक्ष मामला रखा गया। प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि युवा जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर 23 जनवरी को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोक विहार कॉलोनी में संपन्न होगा। यदि कोई सरकारी संस्था उसी दिन शिविर लगाना चाहती है तो वह अपने समय का निर्धारण अलग से कर सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगे भी अनावश्यक हस्तक्षेप किया गया तो रक्तदाता अन्य रक्तकेंद्रों में रक्तदान करने को विवश होंगे।
इस अवसर पर वितरक संघ नगर अध्यक्ष राम बाबू गुप्ता, वितरक संघ अध्यक्ष प्रकाश सिंह, महामंत्री बद्री विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव एवं युवा उपाध्यक्ष ताजुद्दीन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
