– दीवार गिरने व पेड़ टूटकर गिरने से हुए हादसे, क्षेत्र में मचा हड़कंप
फतेहपुर। जनपद के खागा तहसील अंतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में बुधवार शाम आई तेज आंधी-तूफान के चलते दो अलग-अलग गांवों में हुए हादसों में एक वृद्ध और एक महिला की मौत हो गई। घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पहली घटना मंडवा गांव की है, जहां अब्दुल जलील (85) पुत्र अब्दुल अजीज की दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शाम करीब 4 बजे तेज आंधी के दौरान वह छत पर सूख रहे गेहूं को समेटने गए थे। इसी दौरान पड़ोस के मकान की दीवार गिर गई और वह उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के समय घर पर अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। मृतक के पांच बेटे हैं और घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी घटना दुर्गनीपुर गांव की है, जहां प्रेमा देवी (40) पत्नी रमेश कुमार की पेड़ गिरने से मौत हो गई। बताया गया कि वह भैंस खोलने जा रही थीं, तभी तेज आंधी के दौरान शीशम का पेड़ टूटकर उन पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं, जबकि उनके पति रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहते हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
