– 15 मई को महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि मनाने की तैयारी
बिंदकी/फतेहपुर। विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की बैठक बुधवार को तहसील परिसर में आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने घरों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग उठाई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने फिलहाल स्मार्ट मीटर योजना को टाल दिया है, लेकिन भविष्य में इसे प्रीपेड व्यवस्था के रूप में लागू किया जा सकता है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी होगी। इसलिए स्मार्ट मीटर हटाकर पूर्व की व्यवस्था लागू की जाए। इसके साथ ही किसानों ने खतौनी में अंश निर्धारण में सुधार करने, कैंप लगाकर फार्मर रजिस्ट्री कराने तथा रजीपुर गांव में बिजली के खंभे लगवाने की भी मांग की। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 15 मई को स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि फतेहपुर शहर के नहर कॉलोनी में मनाई जाएगी। इसके लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार उत्तम, प्रदेश सचिव राम सहाय पटेल, जिला अध्यक्ष नवल सिंह पटेल, जिला संरक्षक यदुनंदन आर्य, जिला उपाध्यक्ष इलाक अहमद, तहसील महासचिव अनूप शैनी, तहसील उपाध्यक्ष रमाशंकर सूर्यवंशी, नगर अध्यक्ष चंद्र गोविंद दुबे, मालवा ब्लॉक अध्यक्ष मोईद अहमद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
