फतेहपुर। शहर के बाईपास जीटी रोड स्थित सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए यह वर्ष गर्व का विषय रहा, जब सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित सीबीएसई कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट रहा। इस वर्ष कुल 129 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और सभी ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विज्ञान एवं कला दोनों संकायों के छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की प्रतिष्ठा को और मजबूत किया। विशेष रूप से 6 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विशिष्ट उपलब्धि हासिल की। इनमें रुद्र विवेक गुप्ता ने 91.64 प्रतिशत, शुभ रस्तोगी ने 91.40 प्रतिशत, रुद्र प्रताप सिंह ने 91 प्रतिशत, अनन्या सिंह, समीरा रहमान और आख्या रस्तोगी ने 90.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा कई अन्य विद्यार्थियों ने भी उच्च श्रेणी में उत्तीर्ण होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर आरोखिया मैरी थॉमस ने इस सफलता पर सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। विद्यालय के प्रबंधक फादर प्रफुल्ल एवं समस्त शिक्षकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार जताया और विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
