– हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पाया आशीर्वाद
बिंदकी/फतेहपुर। बिंदकी कस्बे के समीप फरीदपुर गांव स्थित मां शारदा देवी मंदिर के पंचम वार्षिक उत्सव के अवसर पर बुधवार को रुद्राभिषेक एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मां शारदा देवी के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर अपने को धन्य महसूस किया।
आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। इसके बाद भंडारे का शुभारंभ किया गया, जिसमें सबसे पहले कन्याओं को प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में फरीदपुर गांव सहित बिंदकी कस्बा, खिदिरपुर, जाफराबाद, माधवपुर, सरकंडी, भवानीपुर आदि गांवों से आए महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मां शारदा देवी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मान्यता है कि मां शारदा देवी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूर्ण होती है। इस अवसर पर समाजसेवी भूपेंद्र उमराव, संतोष उमराव, प्रवेश उमराव, प्रेमदत्त, शंभू दयाल, संग्राम सिंह, विनोद उमराव, भगत शैलेंद्र कुमार, रामखेलावन, बूंदी लाल, बुद्धि प्रकाश, राजेंद्र उमराव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
