फतेहपुर में सपा के मीडिया सेल अकाउंट पर FIR, पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह की शिकायत पर हुई कार्रवाई

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सपा के मीडिया सेल एक्स अकाउंट पर मानहानि समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। मुकदमा भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह की तहरीर पर दर्ज हुआ है। पुलिस ने इस हाई प्रोफाइल मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर बहेरा गांव के रहने वाले रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया कि वह भाजपा सरकार में पूर्व मंत्री थे। अब वर्तमान में बीजेपी के पदाधिकारी हैं। बीते 20 अप्रैल की सुबह करीब 7:00 बजे सपा के मीडिया सेल के एक्स अकाउंट से ट्वीट किया गया था कि पूरा फतेहपुर अवैध खनन से कराह रहा है। इस गंभीर आरोप को पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह के नेतृत्व में संगठित लूट का हिस्सा बताया गया। इतना ही नहीं आरोप यह भी है कि इस अवैध कारोबार से आए रुपयों को सीएम तक पहुंचाने के बाद पूर्व मंत्री बाकी के पैसे खुद खा रहे हैं। वहीं, इससे पहले 19 अप्रैल को भी सपा अपने मीडिया सेल अकाउंट से एक पोस्ट और भी किया था, जिसमें भाजपा नेता धुन्नी सिंह पर जमीनों में अवैध कब्जे एवं हत्या जैसे गंभीर अपराध करने वाले फतेहपुर के अपराधियों का संरक्षक और भ्रष्टाचार का साक्षात प्रतीक कहा। इतना ही नहीं इन आरोपों में पूर्व मंत्री की साझेदारी है या आपके मार्फत लखनऊ दरबार की। पूर्व मंत्री ने सपा के ऑफिशियल अकाउंट किए गए ट्वीट के बारे में कहा कि पोस्ट के माध्यम से उन्हें और मुख्यमंत्री के साथ भाजपा की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उक्त आरोपों को साजिश का हिस्सा करार देते हुए प्रदेश सरकार को बदनाम करने और समाज में जनता के बीच दुर्भावना पैदा करने के साथ राष्ट्रीय एकता को तार-तार करने का पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया है। वहीं, उन्होंने इन सभी आरोपों को मनगढ़ंत और बुनियाद बताया है। हालांकि तहरीर के बाद सुल्तानपुर घोष पुलिस ने अपराध संख्या 59/2026 के तहत बीएनएस की धारा 197/353/356/61(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।