घर के बाहर खड़े युवक को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, हालत गंभीर



फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के नीम टोला मोहल्ले में घर के बाहर दरवाजे पर खड़े एक युवक को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार नीम टोला मोहल्ला निवासी राम सजीवन का 46 वर्षीय पुत्र राहुल रविवार सुबह अपने घर के बाहर दरवाजे पर खड़ा था। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने नियंत्रण खोते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राहुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन राहुल को इलाज के लिए हरदो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने घायल को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, वहीं बाइक सवार मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।