मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर


– 13 फरवरी की पदयात्रा की सफलता के लिए समीक्षा बैठक, पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्व

फतेहपुर। आगामी 13 फरवरी को प्रस्तावित प्रदेशव्यापी मनरेगा बचाओ संग्राम ग्रामीण मजदूर संवाद यात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को कांग्रेस कार्यालय ज्वालागंज में जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा की रूपरेखा तय करते हुए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी एवं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने बताया कि यह पदयात्रा खागा तहसील के ग्राम त्रिलोचनपुर से प्रारंभ होकर कूरा, एलई सहित अन्य गांवों से गुजरते हुए खागा कस्बे में समाप्त होगी। यात्रा के दौरान ग्रामीण मजदूरों से संवाद कर उन्हें मनरेगा से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी और इसका उद्देश्य ग्रामीण मजदूरों को उनके अधिकारों की रक्षा का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूरों, किसानों और वंचित वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा को अनुशासित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पार्टी का संदेश पहुंच सके। बैठक में प्रमुख रूप से उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी, पार्टी प्रवक्ता देवी प्रकाश दुबे, पूर्व अध्यक्ष पप्पू पाल, कोऑर्डिनेटर आरिफ खान, राजीव लोचन निषाद, पंडित राम नरेश महराज, ओम प्रकाश कोरी, सुधीश पांडेय, मोहित मिश्रा, सैयद सहाब अली, निजामुद्दीन, कौशल कुमार शुक्ला, अजय बच्चा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।