घनघोल में पेयजल योजना का जल अर्पण कार्यक्रम सम्पन्न



– विधायक विकास गुप्ता ने दिलाई स्वच्छ जल की महत्ता

फतेहपुर। शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाले कार्यक्रम जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद के विकास खंड हसवा की ग्राम पंचायत घनघोल में पेयजल योजना के तहत जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अयाह शाह के विधायक विकास गुप्ता ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने सहभागिता की।
बताया गया कि यह पेयजल योजना पिछले एक वर्ष से संचालित है, जिसके अंतर्गत नियमित रूप से क्लोरीनयुक्त शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शुद्ध पेयजल का उपयोग करने से जल जनित रोगों से बचाव संभव है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और इलाज पर होने वाला खर्च भी कम होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पानी का सदुपयोग करें और उसे व्यर्थ न बहाएं। विधायक ने घनघोल ग्राम की पेयजल योजना पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था, जल जीवन मिशन की टीम एवं अधिकारियों के कार्यों की सराहना की। पेयजल योजना के सफल संचालन से गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। यह योजना ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। इस मौके पर अधिशासी अभियंता अनुराग गौतम, सहायक अभियंता कैलाश चंद्र, अवर अभियंता विवेक कुमार, टीपीआई से डीपीएम कृष्ण कुमार खरे, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भाविक, मनोज तिवारी, अंकुर, आईएसए कोऑर्डिनेटर शिवबहादुर सिंह चंदेल, सीबीटी स्वाति अवस्थी, जीआईएस जितेंद्र यादव एवं ग्राम प्रधान जानकी देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।