– कुटी और बड़ा शिवाला मंदिर में भक्ति कार्यक्रम, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता
फतेहपुर। हसवा विकास खंड के हसवा कस्बे में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। स्वामी चंद दास जी महाराज की कुटी एवं बड़ा शिवाला शिव मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सुबह से ही भक्त कुटी परिसर में एकत्रित होने लगे। कार्यक्रम की शुरुआत कुटी परिसर की साफ-सफाई से हुई, जिसके बाद राम दरबार, कृष्ण दरबार, भगवान शंकर मंदिर और वीर हनुमान मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। पूरे परिसर को आकर्षक तरीके से सजाकर धार्मिक वातावरण बनाया गया। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। सभी श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से सुंदरकांड का पाठ किया और अंत में हनुमान जी की आरती उतारी गई। इस दौरान “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इसी प्रकार बड़ा शिवाला शिव मंदिर में भी भक्तों ने फूलों से सजावट कर सुंदरकांड पाठ किया। कार्यक्रम के समापन पर आरती के पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। इस अवसर पर शिव शुक्ला, सत्यदीप चौहान, विष्णु सिंह, अजय साहू, अर्जुन सिंह, अंशु साहू, सुमित भास्कर, आर्यन सिंह, ऋषभ सिंह, सत्यम सिंह सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान हसवा कस्बा भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।
