कवि सम्मेलन में गूंजी कविताएं, श्रोताओं ने जमकर बजाई तालियां



बिंदकी/फतेहपुर। अखिल भारतीय ग्रामीण साहित्य मंच के तत्वावधान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर जोधा सिंह अटैया की स्मृति में शनिवार को नवोदय विद्यालय, सरकंडी के पास कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हुई, जहां मंच पर पहुंचे कवियों ने हास्य, वीर रस और श्रृंगार रस की कविताओं से माहौल को जीवंत बना दिया। दिल्ली से आए कवि जसवंत सिंह चौहान ने अपनी रचना प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं संत नगर दिल्ली के जितेंद्र सिंह ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता सुनाकर श्रोताओं में जोश भर दिया। फतेहपुर के कवि अनिल कुमार, बाराबंकी से आई कवित्री सुधा सिंह, स्वर्णिमा सिंह सुंदर, कवि गौरव सिंह अबोध और राज किशोर शुक्ला ‘राज’ ने भी अपनी रचनाओं से कार्यक्रम में रंग जमाया। इसके अलावा डॉ. नित्यानंद मिश्रा और रंजन शर्मा ‘पक्का बिहारी’ ने भी काव्य पाठ कर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के अंत में सभी आमंत्रित कवियों को शाल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।