– बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर में हुआ हादसा
बिंदकी / फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय महिला सुलावती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने कानपुर स्थित हैलट अस्पताल में सोमवार रात अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, सुलावती देवी पत्नी स्वर्गीय राम अवतार, थाना ललौली क्षेत्र के कस्बा बहुआ की निवासी थीं। वह अपनी पुत्री की ससुराल भवानीपुर के पास स्थित मन्नूपुर गांव आई हुई थीं। सोमवार को घर वापस जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें तुरंत बिंदकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर पहले जिला अस्पताल फतेहपुर और फिर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
