फतेहपुर। जनपद के खागा क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता के मामले को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पीड़िता के घर पहुंचकर उससे मुलाकात करेगा और परिवार का हालचाल जानेगा। यह प्रतिनिधिमंडल भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में जाएगा।
जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह से पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने इस घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि ऐसे अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जा सकते। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है और मामले में कार्रवाई जारी है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेताओं द्वारा आरोपियों को भाजपा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह भ्रामक और असत्य है। उनका कहना है कि आरोपियों का भाजपा से कोई संबंध नहीं है और वे कभी पार्टी के पदाधिकारी भी नहीं रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में किसी भी विकृत मानसिकता के व्यक्ति के लिए कोई स्थान नहीं है। अन्नू श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि बुधवार को प्रतिनिधिमंडल स्वयं पीड़िता से मिलकर उसकी समस्याओं को सुनेगा और हर संभव मदद सुनिश्चित करेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी इस मामले में पीड़िता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। वहीं, भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने भी बयान जारी कर विपक्ष पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस संवेदनशील मामले को भाजपा से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के शीर्ष नेता भी लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सच्चाई इससे अलग है। प्रवीण सिंह ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट रुख है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह किसी भी वर्ग या दल से जुड़े हों। उन्होंने दोहराया कि पार्टी पीड़िता के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। इस पूरे मामले को लेकर जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और अब सबकी नजरें बुधवार को होने वाली भाजपा प्रतिनिधिमंडल की पीड़िता से मुलाकात पर टिकी हैं।
