फतेहपुर। विश्व हिंदू परिषद द्वारा जनपद में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन सत्र शनिवार दोपहर शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग 10 मई तक चलेगा, जिसमें जिले और नगर के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि विवेक कुमार चंद्रिका ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विश्व हिंदू परिषद का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि राष्ट्रनिष्ठ और चरित्रवान समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत और सामाजिक रूप से सक्रिय होना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को दिशा देने और उन्हें जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के लिए एक पाठशाला की तरह है, जहां उन्हें संगठन की कार्यपद्धति, उद्देश्यों और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग को छह सत्रों में विभाजित किया गया है, जिनमें विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संतोष विनायक, जिला कार्याध्यक्ष अनिल सिंह गौतम, जिला मंत्री लोकेश गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, प्रांत संगठन मंत्री सोनपाल, नगर मंत्री मनमोहन साहू, नगर गौ सेवा प्रमुख अभिनव यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
