– फरियादियों की सुनी फरियाद भी
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को थाना मलवां का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, बैरक, पुलिस आवास, विवेचना कक्ष, CCTNS कार्यालय, शस्त्रागार, भोजनालय, मिशन शक्ति केंद्र, मालखाना व हवालात सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने थाना प्रभारी, उपनिरीक्षकों व अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों के निस्तारण और विवेचनाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि CCTNS प्रणाली को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए और सभी लंबित मामलों का शीघ्र व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, समयबद्ध कार्रवाई तथा थाना परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर भी मौजूद रहे। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की सुनवाई भी की। एसपी ने निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास बना रहे।
