जगह-जगह संचालित हो रहे अवैध अस्पताल एवं क्लीनिक, विभाग बना धृतराष्ट्र

– कुकुरमुत्तों की तरह पनप रहा है अवैध अस्पतालों का नेटवर्क
– स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था एवं अवैध नजराने पर चल रहे हैं ऐसे अस्पताल

फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्रांतर्गत जगह-जगह कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिना रजिस्टर्ड एवं बिन व्यवस्थाओं के सैकड़ो अवैध अस्पताल व क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। बिना डिग्री के झोलाछाप डॉक्टर जगह-जगह बोर्ड व बैनर लगा अवैध अस्पताल व क्लीनिक तथा मेडिकल स्टोर धड़ल्ले से संचालित कर रहे हैं। इन अवैध अस्पताल संचालकों द्वारा आम जनमानस व मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के नाम पर मनमानी तथा आर्थिक शोषण करने में आमादा हैं।
अवैध अस्पताल/क्लीनिकों में झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा गलत इलाज व उपचार करने से दर्जनों लोगों को जानें गंवानी पड़ी। अवैध अस्पता/ क्लीनिकों मेडिकल स्टोरों की शिकायत विभागीय अधिकारियों से किए जाने व समाचार पत्रों में खबरों के प्रकाशन के बाद भी स्वास्थ्य विभाग अवैध अस्पतालों/क्लीनिको, मेडिकल स्टोर में कार्यवाही करने में नाकाम साबित हो रहा है।
क्षेत्र के कस्बा खागा, खागा किशनपुर मार्ग, विजयीपुर, नरैनी, कस्बा किशनपुर सहित धाता, खखरेड़ू, कोट, हथगाम, प्रेमनगर, अल्लीपुर, इटैली, नरौली, चौकी चौराहा, अफोई आदि स्थानों पर तथा अन्य जगह-जगह कुकुरमुत्ते की तरह अवैध अस्पताल/क्लीनिकों व मेडिकल स्टोर धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। बायोलॉजिकल डिग्री, उपकरण यंत्रों के बिना झोलाछाप डॉक्टर अवैध अस्पतालों में बड़े से बड़े सर्जिकल ऑपरेशन, प्रतिबंधित जांच, भूण परीक्षण इत्यादि भी सिस्टम के जरिए मोटी रकम का चढ़ावा लेकर जारी कर रखा है।
अधिकांश अवैध अस्पतालों/क्लीनिकों के संचालकों द्वारा चंद गुर्गों की टोली बनाकर जिसमें कुछ झोलाछाप मौसमी वैध व संविदा स्वास्थ्य कर्मी जैसे अराजक तत्व बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उचित इलाज दिलवाने के नाम पर पीड़ित मरीजों को झांसा देकर अस्पतालों में दाखिल व भर्ती कराया जा रहा है। इलाज उपचार हेतु एडमिट होते ही मनमानी तरीके से पीड़ितों से आर्थिक शोषण किया जा रहा है।
आम जनमानस की समस्याओं को अवगत कराते हुए मामले के बाबत स्वास्थ्य विभाग सीएमओ राजीव नयन गिरी ने बताया कि अवैध अस्पतालों/क्लीनिकों व मेडिकल स्टोर के संचालकों के खिलाफ टीम बनाकर सीज करने के साथ-साथ विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।