फतेहपुर। प्रदेश सरकार द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से चलाई जा रही एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) और बिजली राहत योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बिजली विभाग पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में सुल्तानपुर घोष पॉवर हाउस में तैनात अवर अभियंता (जेई) पीयूष सोनकर विभागीय टीम के साथ गांव-गांव भ्रमण कर उपभोक्ताओं को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।
भ्रमण के दौरान विद्युत जेई पीयूष सोनकर ने बताया कि ओटीएस योजना के अंतर्गत पुराने बिजली बकाये पर लगने वाले सरचार्ज में छूट देकर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी जा रही है, वहीं बिजली राहत योजना के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को कम दरों पर बिजली, बिल में छूट और आसान भुगतान विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं को अनावश्यक भार से मुक्त करना है। जेई ने ग्रामीणों को समय से बिल जमा करने, ऊर्जा संरक्षण अपनाने, स्मार्ट मीटर के लाभ और सरकारी सब्सिडी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सरकार की इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का समाधान करें। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों के गांव-गांव पहुंचने से उन्हें ओटीएस व बिजली राहत योजना की सही जानकारी मिल रही है, जिससे वे आसानी से अपने बकाये का निस्तारण कर पा रहे हैं।
