अलविदा-अलविदा माहे रमजान अलविदा: जिले भर की मस्जिदों में अदा हुई नमाज-ए-अलविदा



– मुल्क की बेहतरी और अमन-चैन के लिए उठे दुआ के हाथ, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा पुलिस बल

फतेहपुर। मुस्लिम धर्म के पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को जिले भर की मस्जिदों में नमाज-ए-अलविदा अदा की गई। इस मौके पर हजारों-लाखों नमाजियों ने मस्जिदों में पहुंचकर अल्लाह की बारगाह में सजदा किया और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए दुआएं मांगी। नमाज के बाद लोगों ने अल्लाह से गुनाहों की माफी और समाज में फैली नफरत को खत्म करने की भी प्रार्थना की।
नमाज-ए-अलविदा को लेकर मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में सुबह से ही खास तैयारियां शुरू हो गई थीं। मस्जिदों से अजान की आवाज गूंजने से पहले ही बच्चे, बुजुर्ग और युवा नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों की ओर रवाना हो गए। अलविदा की नमाज को लेकर छोटे बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोग नए कपड़े पहनकर मस्जिदों में पहुंचे और पूरे धार्मिक उत्साह के साथ नमाज अदा की। इसी कड़ी में शहर के चौधराना रोड स्थित महाजरी मस्जिद, ताकिया चांद शाह, बाकरगंज, ज्वालागंज की शाही मस्जिद, पटनऊ, आबूनगर, मसवानी चूड़ी वाली गली, दलालों की मस्जिद, ऊंची वाली मस्जिद, पीरनपुर, कचेहरी मस्जिद, शादीपुर, दक्षिणी मुराइनटोला की अक्सा मस्जिद और हरिहरगंज सहित शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न मस्जिदों में नमाज-ए-अलविदा अदा की गई। नमाज के बाद पेश इमामों ने दुआ कराते हुए मुल्क की बेहतरी, आपसी भाईचारे की मजबूती, बीमारों को शिफा, गुनाहों की माफी, दिवंगत लोगों की मगफिरत और अविवाहित लड़कियों के विवाह जैसे सामाजिक मसलों के समाधान के लिए दुआएं मांगीं। नमाज-ए-अलविदा के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर की मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न मस्जिदों पर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात जवानों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका परिषद द्वारा मस्जिदों तक जाने वाले मार्गों पर विशेष साफ-सफाई कराई गई और चूने का छिड़काव भी कराया गया, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा जिले की खागा और बिंदकी तहसील क्षेत्रों के साथ-साथ सुल्तानपुर घोष, मोहम्मदपुर गौंती, अफोई, ऐरायां, प्रेमनगर, शोहदमऊ, काजीपुर, मंडवा, इजूरा बुजुर्ग, सराएं, अल्लीपुर बहेरा, बहेरा सादात, लाडलेपुर, हथगाम, टिकरी, शाह, हुसैनगंज, गाजीपुर, असोथर, बहुआ, बिलंदा, हसवा, थरियांव और मलवां क्षेत्रों से भी नमाज-ए-अलविदा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की खबरें प्राप्त हुईं। नमाज के बाद शाम को शहर और आसपास के इलाकों में रोजा इफ्तार का सिलसिला भी जारी रहा।