– सूरज फुटबॉल क्लब ने फाइनल में फतेहपुर स्पोर्टिंग क्लब को हराकर जीता खिताब
फतेहपुर। मानव सेवा संस्थान द्वारा फीफा फाउंडेशन के सहयोग से जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से 14 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम फतेहपुर में दो दिवसीय जिला स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में जिले की कुल 8 फुटबॉल टीमों ने प्रतिभाग किया। टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था, साथ ही जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना रहा। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में फतेहपुर स्पोर्टिंग फुटबॉल क्लब और सूरज फुटबॉल क्लब के बीच कड़ा मुकाबला खेला गया। रोमांचक संघर्ष के बाद सूरज फुटबॉल क्लब ने 4-3 गोल से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज कुमार मौर्य एवं प्रिंस रियासत अली उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। मुख्य अतिथि राज कुमार मौर्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और टीम भावना का मजबूत माध्यम है। निरंतर अभ्यास और मेहनत से खिलाड़ी जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। वहीं प्रिंस रियासत अली ने कहा कि आज के युवा खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। खेल आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करता है। कार्यक्रम के अंत में मानव सेवा संस्थान के कार्यक्रम प्रबंधक जय प्रकाश त्रिवेदी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजकों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस आयोजन में मीडिया मैनेजर अजय सिंह चौहान, वार्ड पार्षद शादाब अहमद, वरिष्ठ फुटबॉल प्रशिक्षक शब्बन मास्टर, वार्ड पार्षद मोहम्मद इस्माइल, वरिष्ठ समाजसेवी धीरज कुमार, अधिवक्ता आलोक शर्मा, इमरान अहमद, पंकज कुमार, वसीम खान सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
