– एक बाली में 88-90 दाने, पैदावार देख चकित हुए किसान
– खागा के कटखेरवा गांव में प्रगतिशील किसान के खेत पर आयोजन
– 50 वर्षों की उपलब्धियों और शोध पर भी हुई चर्चा
खागा / फतेहपुर। कृषि क्षेत्र की अग्रणी कंपनी राशि सीड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तहसील खागा के ग्राम कटखेरवा में ‘रिटेलर क्रॉप शो’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रगतिशील किसान राम सिंह के खेत पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रिटेलर्स और किसानों को गेहूं की उन्नत किस्म की खड़ी फसल का प्रदर्शन कर उसकी विशेषताओं से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान खेत में खड़ी गेहूं की फसल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। फसल की गुणवत्ता इतनी उत्कृष्ट रही कि एक बाली में 88 से 90 दाने पाए गए, जिसे देखकर किसान और रिटेलर्स बेहद उत्साहित नजर आए। किसान राम सिंह ने बताया कि यह गेहूं की किस्म अत्यंत उन्नत और उच्च उत्पादन क्षमता वाली है, जिससे उन्हें बेहतर पैदावार की उम्मीद है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह गेहूं कम समय में तैयार हो जाता है, जिससे किसानों को समय और लागत दोनों की बचत होती है। साथ ही इसकी गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता इसे किसानों के लिए लाभकारी विकल्प बनाती है। कार्यक्रम में राशि सीड्स के 50 वर्षों के गौरवमयी सफर पर भी प्रकाश डाला गया। कंपनी द्वारा निरंतर किए जा रहे शोध और किसानों के विश्वास को इसकी सफलता का आधार बताया गया। इस मौके पर कंपनी के आरबीएम पुष्पेंद्र मिश्रा ने किसानों को संबोधित करते हुए उन्नत बीजों के उपयोग पर जोर दिया और बेहतर उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बीज की गुणवत्ता, चमक और वजन से जुड़े ‘गुड आफ्टरनून इफेक्ट’ के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
वहीं टीबीएम शारदा मिश्रा और विमलेश पाल ने किसानों को फसल प्रबंधन, देखभाल और उत्पादन बढ़ाने के व्यावहारिक उपाय बताए। कार्यक्रम में खागा के सुनील केशरवानी (जय मां ट्रेडर्स) सहित 90 से अधिक रिटेलर्स, किसान और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में किसानों ने इस प्रकार के आयोजनों को बेहद उपयोगी बताते हुए कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्नत बीजों को अपनाने की बात कही।
