– लखनऊ एकेडमी ने खागा को हराकर जीता फतेहपुरिया प्रीमियर लीग सीजन–2
फतेहपुर। खागा तहसील अंतर्गत हथगाम ब्लॉक के सेमरा मानापुर स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ग्रामीण स्टेडियम में आयोजित फतेहपुरिया प्रीमियर लीग सीजन–2 के फाइनल मुकाबले में नेशनल यंगस्टर क्रिकेट अकादमी लखनऊ ने श्रीराम क्रिकेट अकादमी खागा को 28 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच के मुख्य अतिथि विधायक ऊषा मौर्य के सुपुत्र एवं प्रतिनिधि विकल्प मौर्य रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधानाचार्य सीएल मौर्य, प्रधान सुरेंद्र कुमार मौर्य एवं कवि शायर शिवशरण बंधु हथगामी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता टीम लखनऊ के कप्तान अवनीश को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता खागा टीम के कप्तान रुद्र कुमार को उपविजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एनवाईसीसी लखनऊ ने 20 ओवर में 190 रन बनाए। अनिकेत वर्मा ने 63 गेंदों पर शानदार 85 रन की पारी खेली। शिवम गिरी ने 11 गेंदों में 25, हरीश शर्मा ने 17 गेंदों में 22 तथा विशेष मौर्य ने 10 गेंदों में 18 रन का योगदान दिया। खागा की ओर से प्रियांशु और मोहम्मद हमजा ने दो-दो विकेट, जबकि राजा, सचिन और राहुल ने एक-एक विकेट लिया। 190 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीराम क्रिकेट अकादमी खागा की शुरुआत खराब रही। हालांकि मोहम्मद हमजा ने 32 गेंदों में 52 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच भर दिया। सचिन ने 17 गेंदों पर 41 रन की तेज पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य से 28 रन पीछे रह गई। लखनऊ की ओर से विकास और हरीश शर्मा ने दो-दो विकेट, जबकि अनुराग अवस्थी ने एक विकेट लिया। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मैन ऑफ द मैच) और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मैन ऑफ द टूर्नामेंट) का पुरस्कार अनिकेत वर्मा को दिया गया। बेस्ट बॉलर अक्षय सिंह, बेस्ट फील्डर पीयूष यादव रहे। सेमीफाइनल में हरीश शर्मा और आयुष मौर्य को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
मुख्य अतिथि विकल्प मौर्य ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अहम हिस्सा है और यही खिलाड़ी आगे चलकर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खागा के कोच अमित मौर्य एवं लखनऊ के कोच मयंक कुमार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मैच में कमेंटेटर हंसराज, अंपायर आदित्य यादव व अमन मौर्य तथा स्कोरर शिवा स्टूडियो रहे।
