वारंगल। रेलवे स्टेडियम, काजीपेट (तेलंगाना) में 11 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक आयोजित होने जा रही 58वीं सीनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से रिकॉर्ड 76 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 38 पुरुष और 38 महिला टीमें शामिल हैं।
तेलंगाना ऑयलफेड एवं तेलंगाना खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष जंगा राघव रेड्डी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (KKFI) द्वारा तेलंगाना खो-खो एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 26 राज्य, 6 केंद्र शासित प्रदेश और कई प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों के शीर्ष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में कुल मिलाकर लगभग 2,000 प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें खिलाड़ी, 164 तकनीकी अधिकारी और 80 कोच सम्मिलित हैं। प्रतियोगिता में रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (RSPB) की टीम भी भाग ले रही है, जो वर्तमान पुरुष वर्ग की चैंपियन है। इसके अलावा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड (AIPSCB) की संयुक्त टीम—जिसमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ी शामिल हैं—और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की एकीकृत टीम, जिसमें आईटीबीपी और एसएसबी के खिलाड़ी शामिल होंगे, भी प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे। खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था काजीपेट और हनुमाकोंडा क्षेत्र के विभिन्न स्थानीय स्कूलों और कॉलेजों में की गई है। प्रतियोगिता लीग-सह-नॉकआउट प्रारूप में खेली जाएगी। 14 जनवरी को प्री-क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे, जबकि 15 जनवरी को भव्य फाइनल खेला जाएगा। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शाम के मुकाबलों के लिए पेशेवर फ्लडलाइट्स से सुसज्जित 6 उच्च स्तरीय कोर्ट, जिनमें 4 मैट कोर्ट शामिल हैं, तैयार किए गए हैं।
आयोजकों के अनुसार, यह चैंपियनशिप न केवल खो-खो खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी, बल्कि तेलंगाना को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक मजबूत पहचान भी दिलाएगी।
