– सहकारी भवन टिकरी में बनने पर देवलाल के किसान आक्रोशित
फतेहपुर। असोथर ब्लॉक के ग्राम सभा देवलाल निवासी राजकुमार सिंह, लोजपा तहसील अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि सहकारी समिति देवलाल ग्राम सभा में भवन निर्माण के लिए सहकारिता विभाग से धन का आवंटन हुआ था। लेकिन अधिकारियों और सहकारी समिति अध्यक्ष की मिलीभगत से यह निर्माण कार्य ग्राम सभा टिकरी में अवैधानिक तरीके से कराया जा रहा है। जबकि देवलाल ग्राम में पहले से ही समिति सक्रिय थी और वहीं से समस्त कार्य संचालन किया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि समिति की पुरानी बिल्डिंग खराब हो जाने के बाद भी ग्राम सभा टिकरी के अध्यक्ष और अधिकारियों की मिलीभगत से कार्य वहीं किया जा रहा है। इसके चलते देवलाल के किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा और उन्हें सौतेला व्यवहार झेलना पड़ रहा है। इसके कारण क्षेत्रीय किसान बेहद परेशान और आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सहकारी समिति देवलाल के भवन निर्माण का धन वहीं ग्राम देवलाल में भवन बनाने में खर्च किया जाए, ताकि किसानों को उचित सुविधा और सामग्री मिल सके।
इस मौके पर लोजपा के नेता धर्मेंद्र मिश्रा (प्रधान प्रतिनिधि), नाजिम उद्दीन, पप्पू, शत्रुघ्न सिंह, रमजान खान, दिनेश कुमार, रोशन, दशरथ, किशन सिंह, सर्वेश कुमार, शिरोमण, ललित सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
