– 77वें गणतंत्र दिवस को सादगी व आकर्षक ढंग से मनाने के निर्देश
फतेहपुर। जनपद फतेहपुर में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान तथा पूर्ण गणतंत्र की याद दिलाने वाले 77वें गणतंत्र दिवस को परंपरागत रूप से सादगी के साथ लेकिन आकर्षक ढंग से मनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एक दिन पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित महापुरुषों और शहीदों की मूर्तियों, स्थलों की साफ-सफाई व चूने का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। सभी उप-जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि अपने तहसील अंतर्गत अमर शहीदों को माल्यार्पण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने के लिए मिष्ठान, अंगवस्त्र आदि वितरण किया जाए। सभी सरकारी और गैर-सरकारी भवनों में प्रातः 08:30 बजे ध्वजारोहण और राष्ट्रगान अनिवार्य रूप से किया जाए और संविधान में उल्लिखित संकल्प पढ़ा जाए। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी द्वारा प्रातः 08:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। तत्पश्चात गांधी पार्क (महात्मा गांधी जी) और अंबेडकर पार्क (बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं महात्मा बुद्ध) की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके अलावा शहीद स्मारक पुलिस लाइन, फतेहपुर में अमर शहीद हिकमत उल्ला खां एवं डिप्टी कलेक्टर की स्मृति में भी माल्यार्पण किया जाएगा। जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में प्रातः 10 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, खेलकूद, विचार और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यालयों में प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे राष्ट्रीय एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सौहार्द को बलवती बनाने के लिए कार्यक्रमों का समन्वय करें। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस के समारोह के माध्यम से नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), उप जिलाधिकारी बिन्दकी, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
