नरौली गांव में कांग्रेस ने किया मनरेगा बचाव चौपाल का आयोजन



फतेहपुर। जिले के नरौली गांव में रविवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ अभियान के तहत ग्रामीणों के बीच एक जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं और मनरेगा योजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य शिवाकांत तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान भी मौजूद रहे। चौपाल को संबोधित करते हुए शिवाकांत तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म और उसके प्रतीकों का अपमान दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज जागरूक नहीं होगा, तब तक धर्म और मूल्यों की रक्षा संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी सनातन धर्म की रक्षा और पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी के विचारों के साथ मजबूती से खड़ी है। महिला जिला अध्यक्ष हेमलता पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा योजना गरीब और मजदूर वर्ग के लिए एक वरदान है। सरकार द्वारा इस योजना में बदलाव करना मजदूरों के हितों के साथ अन्याय है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी। पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान ने भी मनरेगा बचाव अभियान को मजबूती से आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मुराज ताज, प्रधान छोटेलाल, नेता अपशान, प्रधान नरौली, संतोष सेठ, सियाराम निषाद, अंकित पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।