फतेहपुर। जिले के हथगाम ब्लॉक अंतर्गत रायपुर मुवारी गांव में रविवार को एक क्षेत्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया। सराफत अली मेमोरियल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट अपने पांचवें संस्करण में प्रवेश कर चुका है। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष हेमलता पटेल तथा कांग्रेस नेता, एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शिवाकांत तिवारी ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान भी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। खेल गतिविधियों से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है, जिससे वे समाज और देश के लिए बेहतर नागरिक बनते हैं। उन्होंने क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के दौरान खेल भावना, आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया। टूर्नामेंट में विभिन्न टीमों ने भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
