फतेहपुर। ग्रामीण युवाओं के विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन (जीवाई सीयू) द्वारा स्थापित राष्ट्रीय प्रशिक्षण संस्थान का शुभारंभ रविवार को फतेहपुर में किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह ने दीप प्रज्वलन कर संस्थान का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को खेल और अनुशासन से जोड़ना समाज और राष्ट्र के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण संस्थान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में सहायक सिद्ध होंगे। संस्थान में युवाओं को खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अंतर्गत योग, प्राणायाम, संतुलित आहार की जानकारी तथा क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और एथलेटिक्स जैसे खेलों में प्रोफेशनल कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा युवाओं के लिए कौशल विकास एवं स्वरोजगार से संबंधित प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी जाफरगंज ब्रज मोहन राय, क्षेत्राधिकारी खागा दुर्गेश दीप, वरिष्ठ संरक्षक अशोक तपस्वी और डॉ. अनुराग श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में युवा, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे हैं।
