– बैकयार्ड पोल्ट्री योजना से दो दर्जन से अधिक परिवारों को मिला लाभ
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से बैकयार्ड पोल्ट्री योजना के अंतर्गत हसवा विकास खंड क्षेत्र में गरीब महिलाओं को निशुल्क मुर्गी के चूजे वितरित किए गए। इस योजना के तहत दो दर्जन से अधिक गरीब एवं कमजोर परिवारों की महिलाओं को लाभान्वित किया गया।
हसवा कस्बे स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार एवं अभय राज सिंह की देखरेख में वितरण किया गया। योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को एक बोरी स्टार्टर राशन तथा एक डिब्बे में 50-50 मुर्गी के चूजे निशुल्क प्रदान किए गए। गांव की देवरती, चंदा देवी, उमा देवी, सुधा देवी, सानो चौधरी सहित अनेक महिलाओं को जब सरकार की ओर से यह सहायता मिली तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई। महिलाओं ने बताया कि इससे उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और परिवार की आमदनी बढ़ेगी। इस मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारियों ने महिलाओं को चूजों की देखभाल की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि चूजों को घर ले जाकर सबसे पहले पानी में गुड़ मिलाकर पिलाएं, 24 घंटे बाद स्टार्टर राशन देना शुरू करें, नियमित रूप से पानी और भोजन दें ताकि उनका वजन सही ढंग से बढ़ सके। साथ ही चूजों को सुरक्षित रखने के लिए बंद स्थान, पर्याप्त रोशनी तथा बिल्ली-नेवले से बचाव की व्यवस्था करने की सलाह दी गई। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य गरीब एवं अनुसूचित जाति की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। मुर्गी पालन से अंडों का उत्पादन बढ़ेगा और इससे परिवारों की आय में भी वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में हसवा पशुधन प्रसार अधिकारी अभय राज सिंह, थरियांव पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश कुमार, रवि पांडेय, अजित पांडेय सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
