महर्षि विद्या मंदिर में साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला आयोजित



– पुलिस ने छात्र-छात्राओं को 1930 हेल्पलाइन व साइबर पोर्टल की दी जानकारी

फतेहपुर। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में महर्षि विद्या मंदिर कॉलेज फतेहपुर में साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में साइबर थाना फतेहपुर के उप निरीक्षक रणधीर सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय एवं कोतवाली के उप निरीक्षक गिरीश दुबे द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद तिवारी, रंजन कुमार चौबे, दामिनी सिन्हा सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस दौरान भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं पोर्टल www.cybercrime.gov.in के उपयोग की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल कर या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर अपराध को रोका जा सकता है। कार्यशाला में बैंकिंग फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैन कर ठगी, व्हाट्सएप हैकिंग, OLX एवं KYC आधारित ठगी, फर्जी ऐप्स, ऑनलाइन लोन स्कैम, हनी ट्रैप, एटीएम एवं सोशल मीडिया से जुड़ी धोखाधड़ी, निवेश एवं गेमिंग ऐप के जरिए ठगी, सेक्सटॉर्शन व न्यूड कॉल ब्लैकमेलिंग जैसे विषयों पर विशेष रूप से जानकारी दी गई। वहीं सेक्सटॉर्शन मामलों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते हैं, फिर वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील कंटेंट दिखाकर स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ब्लैकमेल करते हैं। पुलिस ने आमजन को सलाह दी कि किसी अजनबी की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, अनजान नंबर से वीडियो कॉल न उठाएं, कॉल उठानी हो तो कैमरा कवर रखें तथा किसी भी प्रकार की ठगी होने पर तुरंत 1930 पर संपर्क करें या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।