पारिवारिक कलह से परेशान महिला ने खाया जहरीला पदार्थ, कानपुर रेफर


फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के चक मुगल गांव में पारिवारिक कलह के चलते एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चक मुगल गांव निवासी मो. अख्तर उर्फ गुड्डू की 28 वर्षीय पत्नी रेहाना बानो ने पारिवारिक विवाद के चलते घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई और उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने महिला की हालत नाजुक बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया। महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे उसके भाई साजिद अली ने बताया कि बहनोई भोपाल में जेसीबी चलाता है और बहन ससुराल में रहती है। घर पर किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। बहनोई ने भोपाल से फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद इलाज के लिए उसे अस्पताल लाया गया। फिलहाल जहरीला पदार्थ खाने के कारणों का पता नहीं चल सका है।