रिजर्व पुलिस लाइन में वामा वेलनेस मेडिकल कैंप, सैकड़ों को मिला निःशुल्क इलाज



– आयुष विभाग की सहभागिता से होम्योपैथिक परामर्श व दवाओं का हुआ वितरण

फतेहपुर। रिजर्व पुलिस लाइन फतेहपुर में वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा आयुष विभाग उत्तर प्रदेश की सहभागिता से वामा वेलनेस मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
मेडिकल कैंप में आयुष विभाग से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में सामान्य बीमारियों जैसे सर्दी-जुकाम, बुखार, जोड़ों का दर्द, त्वचा रोग, एलर्जी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव, अनिद्रा आदि से पीड़ित मरीजों की जांच कर उचित दवाइयाँ वितरित की गईं। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं उनके परिजन पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सकों ने मरीजों को दवाओं के साथ-साथ संतुलित आहार, नियमित योग-व्यायाम, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर वामा सारथी संगठन की पदाधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में वामा वेलनेस मेडिकल कैंप जैसे आयोजन पुलिस परिवारों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि पुलिसकर्मियों को समय-समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।