ग्राम प्रधान के प्रयास से लगा एसआईआर कैंप, सैकड़ों ग्रामीणों को मिली राहत



– सुजानपुर गांव में ही हुआ मतदाता सूची संबंधी त्रुटियों का मौके पर निस्तारण

फतेहपुर। ब्लॉक बहुआ अंतर्गत सुजानपुर ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान हेमलता पटेल के प्रयास से एसआईआर (विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया) कैंप का आयोजन किया गया, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो गया।
एसआईआर के तहत ग्रामीणों को नाम, पता और अन्य तकनीकी त्रुटियों को लेकर नोटिस मिले थे, जिससे वे काफी परेशान थे। जानकारी के अभाव में उन्हें सुधार के लिए गांव से करीब 11 किलोमीटर दूर ललौली जाना पड़ रहा था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही थी। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर गांव के प्राइमरी स्कूल परिसर में ही एसआईआर कैंप लगवाया। कैंप में संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौजूद रही, जिन्होंने मतदाताओं की शिकायतों और आपत्तियों की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की। इस दौरान मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य त्रुटियों को मौके पर ही सुधारा गया। गांव में ही यह सुविधा मिलने से बुजुर्गों, महिलाओं और कामकाजी लोगों को विशेष राहत मिली। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान हेमलता पटेल का आभार जताते हुए कहा कि पहले उन्हें बार-बार ललौली जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही समाधान मिल गया है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने कहा कि मेरा उद्देश्य है कि पंचायत का कोई भी मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार के लिए परेशान न हो। हर नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही दर्ज हो और उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं का लाभ आसानी से मिले, यही मेरी प्राथमिकता है। कैंप के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी, पंचायत प्रतिनिधि और संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।