– जयंत चौधरी के शिक्षक विरोधी बयान पर उ.प्र. प्रा. शि. संघ का जोरदार प्रदर्शन
फतेहपुर। केंद्र सरकार के शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी द्वारा लोकसभा में टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को लेकर दिए गए कथित शिक्षक विरोधी बयान के विरोध में बुधवार को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ फतेहपुर के तत्वावधान में जिले भर के शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह एवं जिला मंत्री विजय तिपाठी के नेतृत्व में जिले के सभी 13 ब्लॉकों से आए शिक्षकों ने संयुक्त रूप से मंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा लाया गया यह काला कानून शिक्षकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इससे निजात पाने के लिए सभी शिक्षकों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि संघ हर स्तर पर शिक्षकों की लड़ाई लड़ेगा और किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला मंत्री विजय तिपाठी ने कहा कि सरकार और न्यायालय दोनों स्तरों पर टीईटी से मुक्त कराने के लिए संघ पूरी शिद्दत और ऊर्जा के साथ संघर्ष करेगा। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि कोई भी साथी निराश न हो और इस आंदोलन में मजबूती के साथ सहभागी बने। धरना-प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राजेन्द्र सिंह, विजय त्रिपाठी, अनुराग मिश्र, लाल देवेंद्र प्रताप सिंह, दिग्विजय सिंह, बलराम सिंह, अनिल वर्मा, शैलेंद्र उमराव, आकाश कुमार सिंह, योगेन्द्र कुमार, अखिलेश त्रिपाठी सहित सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में सरकार के फैसले के खिलाफ आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।
