– स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने और लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर दिया जोर
फतेहपुर। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना एवं प्रशिक्षु आईएएस नौशीन के साथ तहसील खागा अंतर्गत विकास खंड विजयीपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कोल्ड चेन कक्ष, डाट्स सेंटर, ओपीडी कक्ष, स्टोर रूम और प्रसव कक्ष का स्थलीय जायजा लिया।
कोल्ड चेन कक्ष में वैक्सीन वितरण रजिस्टर में पूरी रिपोर्ट अंकित न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कोल्ड चेन हैंडलर का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को वैक्सीन से संबंधित ऑडिट कर उपलब्ध दवाओं व सामग्री की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिला क्षय रोग अधिकारी को टीबी सैंपल जांच के बाद पॉजिटिव मरीजों की निगरानी व्यवस्था पर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। डीएम ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी विजयीपुर को स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई बनाए रखने, पत्रावलियों के सही रख-रखाव और नवनिर्मित कक्ष को नियमानुसार हैंडओवर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर व दवाओं की वैधता की भी जांच की, जो सही पाई गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि 1 अप्रैल 2025 से अब तक 1193 प्रसव हुए हैं। डीएम ने प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत लंबित भुगतान प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील खागा का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम) कक्ष की स्थिति, कर्मचारियों की तैनाती, राजस्व संग्रह और आवेदनों के निस्तारण की समीक्षा की। उप जिलाधिकारी खागा को लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईजीआरएस व अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशील निस्तारण कराने को कहा गया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी खागा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी विजयीपुर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी विजयीपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
