हसवा सीएचसी में अधूरे आवासीय भवन का सीएमओ ने किया निरीक्षण



– 15 दिन में कार्य पूरा करने के निर्देश

फतेहपुर। जिले के हसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में वर्ष 2019 से अधूरे पड़े आवासीय भवनों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण किया। सीएचसी प्रभारी द्वारा इस संबंध में लिखित शिकायत किए जाने के बाद मामला संज्ञान में आया, जिसके पश्चात शासन से बजट मिलने पर निर्माण कार्य पुनः शुरू कराया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरी ने नवनिर्मित अधूरे आवासीय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार विक्रम प्रताप सिंह को कड़ी फटकार लगाते हुए सीएमओ ने निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर अधूरे भवन का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। इस पर ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि दो सप्ताह में निर्माण कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा।
इसके बाद सीएमओ ने हसवा सीएचसी प्रभारी डॉ. अनुपम सिंह के साथ प्रसव केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां स्टाफ नर्स नीता सचान एवं रीना मौर्य से प्रसव से संबंधित जानकारी ली गई। कोल्ड चेन रूम में अरविंद कुमार मौजूद मिले, जबकि औषधि कक्ष में फार्मासिस्ट विमल सिंह मरीजों को दवाइयां वितरित करते पाए गए। सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की, जिसमें डॉक्टरों से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तक सभी की उपस्थिति पाई गई। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. अनुपम सिंह, द्वितीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. राघवेंद्र सिंह, फार्मासिस्ट विमल सिंह, देवनारायण, हेमचंद्र चौधरी, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कमलेश, बैजनाथ, प्रेम कुमार, कुशल सिंह तथा ठेकेदार विक्रम प्रताप सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।