फतेहपुर। मुख्यमंत्री उ०प्र० सरकार के निर्देशानुसार तथा जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में जनपद में ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) में वृद्धि के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में अग्रणी जिला कार्यालय द्वारा बृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
अग्रणी जिला प्रबंधक गोपाल कृष्णा ने बताया कि जनपद फतेहपुर का वर्तमान ऋण-जमा अनुपात 50.01 प्रतिशत है, जिसे बेहतर करने के लिए इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला उद्योग विभाग, सभी बैंकों के जिला समन्वयक तथा अन्य संबंधित विभागों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत ऋणों के चेक वितरित किए गए। बृहद ऋण वितरण शिविर के दौरान कृषि, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) तथा खुदरा ऋण श्रेणी के लाभार्थियों को सभी बैंकों के माध्यम से कुल 90 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति भी इस शिविर में सुनिश्चित की गई। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष, जिला पंचायत अभय प्रताप सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त (जिला उद्योग) अजय गुप्ता सहित सभी जिला समन्वयक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
