बिंदकी/फतेहपुर। बिन्दकी नगर के बाराती नगर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहे नवविवाहित दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमरजीत कुशवाहा (28 वर्ष) पुत्र सीताराम कुशवाहा निवासी ग्राम जाफराबाद, कोतवाली बिंदकी ने लगभग पांच माह पूर्व गांव की ही रेखा सोनकर (25 वर्ष) से प्रेम विवाह किया था। दोनों पिछले करीब एक माह से बाराती नगर स्थित चार मंजिला मकान में किराए के कमरे में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि किसी बात को लेकर पहले अमरजीत छत पर बने बाथरूमनुमा कमरे में पहुंचा और मफलर के सहारे फांसी लगा ली। घटना की जानकारी पत्नी रेखा ने अन्य लोगों के साथ कोतवाली बिंदकी पहुंचकर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर देखा तो अमरजीत का शव फंदे से लटका मिला। इसी दौरान रेखा की तलाश शुरू हुई। काफी खोजबीन के बाद वह छत की रेलिंग पर लगे सरिए में कपड़े सुखाने वाली रस्सी के सहारे फंदे से लटकी मिली। उसकी भी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
