बिंदकी में बकाया बिल पर 117 बिजली कनेक्शन काटे गए



फतेहपुर। विद्युत विभाग की टीम ने बिंदकी नगर के विभिन्न मोहल्लों में अभियान चलाकर बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 117 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए।
जानकारी के अनुसार बुधवार को बिंदकी टाउन के उपखंड अधिकारी इंजीनियर विजय कुमार तथा अमौली के उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में दक्षिणी फीडर क्षेत्र के मोहल्ला छिपहटी, कजियाना, ठठराही, वारसी नगर, बाराती नगर, पैगंबरपुर, कुंवरपुर रोड, स्टेट बैंक के सामने वाली गली और ललौली रोड में “नेवर पेड” एवं “लॉन्ग अनपेड” अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 117 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। वहीं 42 नेवर एवं लॉन्ग अनपेड उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया बिल जमा किया। इसके अलावा 45 उपभोक्ताओं के यहां सामान्य मीटर के स्थान पर स्मार्ट मीटर लगाए गए। 10 उपभोक्ताओं का विद्युत भार बढ़ाया गया तथा कुछ उपभोक्ताओं की विधा परिवर्तन की कार्रवाई भी की गई। विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही। उपखंड अधिकारी इंजीनियर विजय कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बकायेदार उपभोक्ताओं से शीघ्र बिल जमा करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि अन्यथा कनेक्शन विच्छेदन के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।