बिंदकी / फतेहपुर। बिंदकी नगर के मुगल रोड स्थित कोतवाली के समीप एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में गुरुवार सुबह बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते दुकान धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार मुगल रोड पर लक्ष्मी होटल के बगल में मोहल्ला मुगलाही निवासी नदीम की मोनू गारमेंट्स नामक रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। गुरुवार सुबह लगभग 6:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। आग लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं बिंदकी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि तब तक दुकान में रखे रेडीमेड कपड़े पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। अनुमान है कि आग से लगभग 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
