– एसपी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक ने फोर्स के साथ किया फ्लैग मार्च
फतेहपुर। होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद फतेहपुर में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में बिंदकी क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों द्वारा पैदल गश्त और भ्रमण किया गया।
क्षेत्राधिकारी बिंदकी एवं प्रभारी निरीक्षक बिंदकी ने पुलिस बल के साथ कस्बा बिंदकी के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें होली पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। पुलिस टीम ने लोगों को आश्वस्त किया कि त्योहार के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस पैदल गश्त से कस्बे में सुरक्षा का माहौल बना रहा और लोगों ने पुलिस प्रशासन की पहल की सराहना की।
