होली के रंगों में घुला गंगा-जमुनी तहजीब का गुलाल


फतेहपुर।उत्सव केवल तिथियों का नाम नहीं, बल्कि दिलों के जुड़ाव का माध्यम होते हैं। जनपद फतेहपुर में होली के पावन पर्व पर एक ऐसी ही सुखद तस्वीर सामने आई, जिसने समाज में ‘अनेकता में एकता’ और ‘भाईचारे’ के संदेश को और गहरा कर दिया।
अवसर था प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष नदीमउद्दीन ‘पप्पू’ जी के सपरिवार आगमन का, जिन्होंने गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष एवं बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ की अध्यक्ष सुजानपुर प्रधान हेमलता पटेल के आवास पर पहुँचकर होली की खुशियाँ साझा कीं। यह मिलन मात्र शिष्टाचार नहीं, बल्कि फतेहपुर की समृद्ध गंगा-जमुनी तहजीब का जीवंत उदाहरण है। जब अबीर और गुलाल के बीच मजहबी दीवारें ढह जाती हैं, तब समाज में प्रेम का वास्तविक रंग चढ़ता है। इस दौरान हेमलता पटेल जी ने कहा, “त्योहारों की सार्थकता तभी है जब हम जाति और धर्म से ऊपर उठकर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों। नदीमउद्दीन जी का सपरिवार आगमन इस बात का प्रमाण है कि प्रेम और स्नेह की भाषा सबसे ऊपर है।” नदीमउद्दीन ‘पप्पू’ जी ने भी इस स्नेहपूर्ण मिलन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। इस मिलन ने न केवल दोनों परिवारों के रिश्तों को मजबूती दी, बल्कि पूरे जनपद के लिए एक प्रेरक संदेश भी दिया कि प्रेम और भाईचारा ही हमारे समाज की असली धरोहर है। दोनों वरिष्ठजनों ने सभी जनमानस को होली की असीम शुभकामनाएं भी प्रेषित की |