फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के जहानाबाद रोड चौराहे के पास शुक्रवार को एक अनियंत्रित पिकअप वाहन पलट गया। हादसे में पिकअप पर सवार पांच लोग दबकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार मऊ निवासी पिकअप सवार करीब आधा दर्जन लोग हादसे में घायल हो गए। घायलों में हिमांशु (13 वर्ष), फूलचंद (50 वर्ष), छेदीलाल (18 वर्ष) और शिव भवन (48 वर्ष) समेत अन्य लोग शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही 108/102 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शिव भवन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
