– तीन को जिला अस्पताल रेफर
फतेहपुर। थाना राधानगर क्षेत्र के फुलवामऊ चौराहे के पास अनियंत्रित होकर एक सीएनजी ऑटो पलट गया, जिससे उसमें सवार आठ लोग दबकर घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के ऐंझी गांव निवासी ओम सिंह की 26 वर्षीय पत्नी रिचा सिंह, गांव निवासी बड़कू का 35 वर्षीय पुत्र रज्जन, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी मुन्नू लाल का 35 वर्षीय पुत्र राकेश, उसकी 30 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी, ओम प्रकाश की 2 वर्षीय पुत्री प्रगति, टेनी गांव निवासी गंगा चरण की 55 वर्षीय पत्नी अंबिका देवी तथा आनंद मऊ निवासी अदानु की 55 वर्षीय पत्नी श्यामा देवी दुर्घटना में घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची तीन 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को गाजीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रिचा देवी, राकेश और पुष्पा देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सरकारी एंबुलेंस के ईएमटी गोलू कुशवाहा और पायलट हरि बाबू घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने तीनों को भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया है।
