निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों मरीजों को मिला लाभ



फतेहपुर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन एवं जन कल्याण महासमिति फतेहपुर के संयुक्त तत्वावधान में इसाइन पुरवा वार्ड के भिखारीपुर चौराहा पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन वरिष्ठ भाजपा नेता विभाकर शास्त्री एवं फाउंडेशन के संस्थापक विराज शास्त्री ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के बुजुर्ग, असहाय और गरीब लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की बात कही। शिविर में कुल 450 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान 39 लोगों की शुगर जांच, 280 लोगों का बीपी परीक्षण, 112 लोगों की एचआईवी/वीडीआरएल जांच और 186 लोगों की नेत्र जांच की गई। नेत्र जांच में 35 लोगों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिन्हें जिला चिकित्सालय फतेहपुर के लिए रेफर किया गया। चिकित्सक टीम में डॉ. राजीव शुक्ला, डॉ. हिमांशु सिंह, डॉ. पवन तिवारी (नेत्र विशेषज्ञ), फार्मासिस्ट सौरभ सिंह और स्टाफ नर्स रियांका सिंह, श्रेया सिंह, रेनू सिंह व विनीता देवी शामिल रहीं। पंजीकरण और व्यवस्थाओं में माया देवी, सत्यदेव और अनुपम ने सहयोग किया। सभी मरीजों को परामर्श के साथ दवाएं वितरित की गईं तथा नाश्ते की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विभाकर शास्त्री ने शिविर की व्यवस्थाओं और बड़ी संख्या में पहुंची जनता की सराहना की। शिविर का समापन विभाकर शास्त्री एवं विराज शास्त्री द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुष्पराज, निशीत कुमार, बी.पी. पांडेय, धनंजय द्विवेदी, अमित मिश्रा, सुनील चंद गुप्ता, जय प्रकाश फौजी, केशवराम त्रिपाठी, प्रेमशंकर मिश्र, ज्ञान पासवान, बमलहरी द्विवेदी, डॉ. आदित्य पाण्डेय, आदर्श मिश्रा, अजय सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।